मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से की भेंट, उत्तराखंड के लिए हेलीकॉप्टर, मेडिकल कॉलेज और ट्रॉमा सेंटर की मांग

Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

मुख्यमंत्री ने एम्स ऋषिकेश से संचालित एयर एम्बुलेंस सेवा का विस्तार करने और राज्य के पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए एक अतिरिक्त हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक एसईसीसी परिवार के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि को ₹1,052 से बढ़ाकर ₹1,500 किए जाने की भी मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने चार धाम यात्रा में एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सहभागिता और स्नातकोत्तर डॉक्टरों की रेजिडेंसी (DRP) में यात्रा ड्यूटी को शामिल करने के लिए केंद्र सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में दो नए मेडिकल कॉलेज—जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ और पं. राम सुमेर शुक्ल मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर—का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, और शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शिक्षण कार्य शुरू करने के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन को आवेदन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इन कॉलेजों के संचालन के लिए आवश्यक मंजूरी प्रदान करने का अनुरोध किया।

इसके साथ ही उन्होंने टीएचडीसी के सहयोग से निर्माणाधीन टिहरी मेडिकल कॉलेज को शीघ्र आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान करने की मांग भी उठाई। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और उसके संचालन के लिए तत्काल केंद्रीय सहायता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा न केवल स्थानीय नागरिकों के लिए बल्कि चार धाम यात्रा मार्गों पर आने वाले तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों के लिए भी जीवनरक्षक साबित होगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में केंद्र सरकार के पूर्ण समर्थन की प्रतिबद्धता जताई।

देवभूमि खबर

Related articles