हत्या के आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार — रास्ते के विवाद में सगे भाई की मौत
देहरादून। थाना पटेलनगर क्षेत्र के अंतर्गत गोरखपुर इलाके में रास्ते को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दिनांक 13 जुलाई 2025 को दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष द्वारा की गई मारपीट में दूसरे पक्ष के भाई पप्पू की गंभीर चोटों के चलते मृत्यु हो गई। मृतक के पुत्र मनोज ने थाना पटेलनगर में दी तहरीर में बताया कि राजू पुत्र गूटूराम और उसका बेटा सागर ने मिलकर उनके पिता पप्पू को ज़मीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इस संबंध में पुलिस द्वारा मु0अ0सं0-358/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा तत्परता से कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली पटेलनगर पुलिस टीम ने 15 जुलाई को दोनों अभियुक्तों, राजू पुत्र गूटूराम (उम्र 59 वर्ष) और सागर पुत्र राजू (उम्र 26 वर्ष), को उनके निवास गोरखपुर चौक से गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभान सिंह अधिकारी, व0उ0नि0 कुलदीप शाह, का0 विरेंद्र ग्वाल एवं का0 विपिन कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

