पंचायत चुनाव से पहले प्रेमनगर थाना क्षेत्र की चौकी झाझरा में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई — स्कॉर्पियो से 15 पेटी अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशानुसार आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को मद्देनज़र जनपद भर में चेकिंग अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रेमनगर थाना क्षेत्र की चौकी झाझरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
दिनांक 15 जुलाई 2025 को चौकी झाझरा गेट बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक स्कॉर्पियो वाहन (UK 07 AE 5500) को रोककर तलाशी ली। तलाशी में वाहन से कुल 15 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 7 पेटी मैकडॉवेल और 8 पेटी 8 PM ब्रांड की शराब शामिल थी। कुल 720 पव्वे शराब बरामद किए गए।
वाहन में सवार व्यक्ति — दरमियान सिंह राणा पुत्र प्रताप सिंह राणा, निवासी कुराली लक्ष्या, पोस्ट देवीधार ममनी जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग (वर्तमान में किरायेदार: उन्नति विहार, मोहकमपुर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून), उम्र 47 वर्ष — को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह शराब पंचायत चुनाव के दौरान वितरण के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी। पुलिस ने उसके विरुद्ध थाना प्रेमनगर में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में अन्य जानकारियाँ भी जुटाई जा रही हैं।
बरामदगी में 07 पेटी मैकडॉवेल (कुल 384 पव्वे), 08 पेटी 8 PM (कुल 336 पव्वे) अंग्रेजी शराब और स्कॉर्पियो वाहन UK 07 AE 5500 शामिल हैं।
इस कार्यवाही को चौकी झाझरा प्रभारी एसआई अमित शर्मा के नेतृत्व में हेड कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र, कॉन्स्टेबल रवि शंकर, जसवीर, श्रीकांत मलिक, बृजमोहन एवं उपेन्द्र की टीम ने अंजाम दिया।

