रुद्रपुर में होगा ऐतिहासिक निवेश उत्सव, एक लाख करोड़ से अधिक की ग्राउंडिंग
देहरादून। उत्तराखंड सरकार द्वारा दिसंबर 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में जिन उद्योग समूहों के साथ निवेश समझौते (एमओयू) किए गए थे, अब वे तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। अब तक राज्य में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश मूर्त रूप ले चुका है। इसी उपलब्धि को चिन्हित करने और राज्य में निवेश के वास्तविक परिणामों को जनता के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से 20 जुलाई को रुद्रपुर में ‘उत्तराखंड निवेश उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है।
यह पहली बार है जब देश में किसी राज्य सरकार द्वारा निवेश के उपरांत इस तरह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें निवेश की प्रगति को सार्वजनिक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। रुद्रपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे और इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड में स्थापित नए उद्योगों के प्रतिनिधि, प्रमुख निवेशक और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।
सरकार का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से राज्य में निवेश के अनुकूल वातावरण को और सुदृढ़ करना है, ताकि अन्य निवेशक भी उत्तराखंड की ओर आकर्षित हों। इससे न केवल आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।
गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में कुल 3,57,693 करोड़ रुपये के 1,779 निवेश समझौते किए गए थे, जिनसे लगभग 81,327 नए रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई थी। अब इन समझौतों में से एक लाख करोड़ रुपये की ग्राउंडिंग हो चुकी है। समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, जबकि समापन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार की ओर से उद्योगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उत्तराखंड शांतिपूर्ण वातावरण, मजबूत आधारभूत संरचना और स्पष्ट नीतियों के चलते निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टर समिट के जरिए किए गए समझौते अब जमीन पर उतर रहे हैं, जिससे राज्य में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।
ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान ऊर्जा, उद्योग, आवास, पर्यटन, उच्च शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में निवेश के लिए जो एमओयू किए गए थे, उनकी ग्राउंडिंग भी तेज गति से हो रही है। इनमें ऊर्जा क्षेत्र में 1,03,459 करोड़ रुपये के 157 एमओयू किए गए थे, जिनमें से 40,341 करोड़ रुपये की ग्राउंडिंग हो चुकी है। उद्योग क्षेत्र में 78,448 करोड़ के 658 एमओयू हुए, जिनमें 34,086 करोड़ की ग्राउंडिंग हुई है। आवास क्षेत्र में 41,947 करोड़ के 125 एमओयू, पर्यटन में 47,646 करोड़ के 437, उच्च शिक्षा में 6,675 करोड़ के 28 तथा अन्य क्षेत्रों में 79,518 करोड़ के 374 एमओयू साइन किए गए थे।
राज्य सरकार का मानना है कि निवेश का यह सिलसिला आने वाले समय में और तेजी पकड़ेगा तथा उत्तराखंड आर्थिक दृष्टि से आत्मनिर्भर राज्य के रूप में सशक्त होगा।

