नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने किया नौटी गांव का स्थलीय निरीक्षण
चमोली। नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने शनिवार को नौटी गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोनिवि गेस्ट हाउस में सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्री नंदा देवी राजजात आयोजन के लिए नौटी गांव एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए यहां की व्यवस्थाओं का दुरुस्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पड़ावों का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सफाई, पेयजल, बिजली, आवागमन, ठहरने की व्यवस्था, शौचालय निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक तैयारियों के प्रस्ताव समय से प्रस्तुत किए जाएं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराए जा सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाया जा सकता है। प्रशासन और ग्रामवासी मिलकर यात्रा को सफल और व्यवस्थित बनाने में योगदान दें। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सुविधा, आपातकालीन सेवाएं, मार्ग मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट निस्तारण को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से सेवा भाव से कार्य करने की अपेक्षा जताई, ताकि यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुखद, सुरक्षित और अविस्मरणीय अनुभव बन सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम कर्णप्रयाग सोहन सिंह रांगण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तेज सिंह, लोनिवि गौचर के सुनील कुमार, एसओ कर्णप्रयाग कोतवाली राकेश चन्द्र भट्ट सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासी उपस्थित रहे।

