उत्तराखंड की महिलाओं के विरुद्ध गीत में अभद्र टिप्पणी करने वाले गायक के खिलाफ मुकदमा, पुलिस ने की पूछताछ
देहरादून।उत्तराखंड की महिलाओं को लक्ष्य कर अपमानजनक गीत प्रसारित करने का मामला सामने आया है, जिससे आमजन और खासकर महिलाओं में आक्रोश फैल गया है। गीत के माध्यम से महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में देहरादून की पटेलनगर कोतवाली में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवन सेमवाल नामक व्यक्ति ने अपनी फेसबुक आईडी के माध्यम से एक यूट्यूब चैनल पर ऐसा गीत प्रसारित/प्रचारित किया, जिसमें उत्तराखंड की महिलाओं और बेटियों के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी की गई थी। पहले यह वीडियो यूट्यूब से हटा दिया गया था, लेकिन 19 जुलाई 2025 को उसी गीत को फिर से उसी चैनल पर प्रसारित किया गया। इस दोबारा प्रसारण से महिलाओं की भावनाएं आहत हुईं और एक महिला ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
महिला की शिकायत के आधार पर थाना पटेलनगर में पवन सेमवाल के खिलाफ मु०अ०सं०- 369/25, धारा 196/353(1)(b)/79 भारतीय न्याय संहिता के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अभियुक्त को दिल्ली के कल्याणपुरी थाने से पूछताछ के लिए नियमानुसार देहरादून बुलाया, जहां उससे आवश्यक पूछताछ की गई। पूछताछ के उपरांत उसे BNSS की धारा 35(a) के अंतर्गत नोटिस तामील कराकर थाने से सकुशल रवाना किया गया। साथ ही अभियुक्त को भविष्य में विवेचना में सहयोग करने हेतु कानूनी रूप से निर्देशित किया गया है।

