स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने परखी दून और कोरोनेशन अस्पताल की व्यवस्थाएं

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने परखी दून और कोरोनेशन अस्पताल की व्यवस्थाएं
Spread the love

देहरादून।राज्य के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को राजधानी देहरादून स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय (कोरोनेशन) अस्पताल और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज से संबद्ध दून अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. रावत ने दोनों अस्पतालों के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और वहां भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

कोरोनेशन अस्पताल में निरीक्षण के दौरान डॉ. रावत ने अधिकारियों को अस्पताल परिसर में संचालित प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने हेतु सूचना पट्ट व फ्लैक्स लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में जाकर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति देखी और पाई गई कमियों को जल्द दूर करने के लिए अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

इसके पश्चात मंत्री डॉ. रावत ने दून अस्पताल का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन को अस्पताल परिसर की स्वच्छता में और सुधार लाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने दोनों अस्पतालों में तीमारदारों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और संतुष्टि का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार अस्पतालों की सेवाओं को जनहित में लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्थाओं को धरातल पर प्रभावी बनाना है।

देवभूमि खबर

Related articles