चकराता ब्लॉक की 44 पोलिंग पार्टियां 22 जुलाई को होंगी रवाना, तीसरे रेंडमाइजेशन में 1090 बूथों के लिए हुई ड्यूटी आवंटित

चकराता ब्लॉक की 44 पोलिंग पार्टियां 22 जुलाई को होंगी रवाना, तीसरे रेंडमाइजेशन में 1090 बूथों के लिए हुई ड्यूटी आवंटित
Spread the love

देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए देहरादून जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सोमवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में विकास भवन में पोलिंग कार्मिकों का तीसरा और अंतिम रेंडमाइजेशन संपन्न हुआ। यह प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सॉफ्टवेयर के माध्यम से सम्पन्न की गई, जिसके तहत जिले के सभी 1090 मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियों का आवंटन कर दिया गया।

तीसरे रेंडमाइजेशन के साथ ही पोलिंग कार्मिकों को यह जानकारी मिल गई है कि उन्हें किस बूथ पर तैनात किया गया है। साथ ही, संबंधित ड्यूटी आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

पहले चरण के तहत विकासखंड चकराता, कालसी और विकासनगर में 24 जुलाई को मतदान होगा। चकराता ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्रों की 44 पोलिंग पार्टियां मतदान दिवस से दो दिन पहले, यानी 22 जुलाई को रवाना होंगी। वहीं, इन तीनों विकासखंडों की शेष 470 पोलिंग पार्टियों को 23 जुलाई को रवाना किया जाएगा।

पंचायत चुनाव के लिए चकराता में कुल 137, कालसी में 130 और विकासनगर में 247 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

दूसरे चरण में 28 जुलाई को विकासखंड डोईवाला, सहसपुर और रायपुर के 576 बूथों पर मतदान कराया जाएगा।

देहरादून जिले में कुल 1090 पोलिंग बूथों पर चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए 1208 पोलिंग पार्टियां (रिजर्व सहित) गठित की गई हैं। इनमें कुल 6040 कार्मिकों की तैनाती की गई है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में 5 सदस्य होंगे, जिनमें पीठासीन अधिकारी, प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ मतदान अधिकारी शामिल हैं। द्वितीय मतदान अधिकारी के रूप में महिला कार्मिकों को अनिवार्य रूप से शामिल किया गया है।

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौंडियाल, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रनजीत सिंह चौहान, एडीआईओ अंकुश पांडे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles