सड़कों की मजबूती और कनेक्टिविटी में तेजी लाएं: मुख्यमंत्री

सड़कों की मजबूती और कनेक्टिविटी में तेजी लाएं: मुख्यमंत्री
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में लोक निर्माण विभाग की गेम चेंजर योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देहरादून में रिस्पना और बिंदाल नदी पर प्रस्तावित चार लेन एलिवेटेड रोड निर्माण परियोजना की सभी प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए। इसके साथ ही आशारोड़ी से मोहकमपुर तक देहरादून रिंग रोड/बाईपास परियोजना और यूटिलिटी डक्ट पॉलिसी पर भी कार्यों को शीघ्र गति दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में नवीनतम तकनीकों का उपयोग किया जाना चाहिए ताकि गुणवत्ता और स्थायित्व सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि राज्य में जिन पुलों की स्थिति खराब हो चुकी है, उनके पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित और टिकाऊ सड़कों के निर्माण के लिए जियोसिंथेटिक रिटेनिंग वॉल जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रयोग जरूरी है। साथ ही सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान निरंतर चलाया जाए ताकि आमजन को सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सड़क कनेक्टिविटी के विस्तार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि केदारखंड और मानसखंड के मध्य आपसी संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कार्य तेज़ गति से किया जाए। देहरादून से हल्द्वानी, दिल्ली से हल्द्वानी तथा अन्य प्रमुख नगरों को जोड़ने वाली सड़क नेटवर्क को भी सुदृढ़ किया जाए। मसूरी और देहरादून के बीच यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों के निर्माण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। साथ ही, सड़कों के डामरीकरण कार्यों में भी तेजी लाने पर बल दिया।

बैठक में सचिव, लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज पाण्डेय ने जानकारी दी कि रिस्पना नदी पर 11 किलोमीटर और बिंदाल नदी पर 15 किलोमीटर लंबे चार लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण कार्य के प्रथम चरण की स्वीकृति के अंतर्गत फिजिबिलिटी स्टडी और हाइड्रोलॉजिकल स्टडी पूर्ण की जा चुकी है। भू-अधिग्रहण के प्रस्ताव के अनुसार मौके पर चिन्हीकरण की कार्रवाई प्रगति पर है। देहरादून रिंग रोड परियोजना के संरेखण को अंतिम रूप दे दिया गया है, साथ ही इसकी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। रेलवे के साथ संयुक्त निरीक्षण कर डायवर्जन प्लान भी तैयार कर लिया गया है। देहरादून-मसूरी कनेक्टिविटी परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और जियोटेक्निकल इन्वेस्टिगेशन भी पूर्ण किया जा चुका है।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री सचिन कुर्वे, अपर सचिव श्री आशीष चौहान, श्री विनीत कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles