कांवड़िया बनकर आया शातिर वाहन चोर नरेंद्रनगर पुलिस के हत्थे चढ़ा, चोरी की स्कूटी बरामद
नरेंद्रनगर।थाना नरेंद्रनगर पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की गई स्कूटी बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। यह व्यक्ति कांवड़ यात्रा में कांवड़िया बनकर आया था और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर स्कूटी चोरी कर ले गया। आरोपी से पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
21 जुलाई 2025 को वादी दिनेश पुत्र होशियार सिंह निवासी ग्राम आगर, थाना नरेंद्रनगर टिहरी गढ़वाल ने थाने में एक लिखित तहरीर दी थी कि उसकी सफेद रंग की स्कूटी (जुपीटर, नंबर UP16BM-9856) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। मामले में थाना नरेंद्रनगर में मुकदमा अपराध संख्या 13/2025, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक आमिर खान को सौंपी गई।
वाहन चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल द्वारा तत्काल प्रभाव से घटना के अनावरण और अभियुक्त की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और थाना क्षेत्र में जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जो स्कूटी के साथ था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शत्रुघन वर्मा पुत्र करमवीर वर्मा, निवासी मकान संख्या 113, चन्दकी वाली गली, नम्बरदार ग्राम पल्ला, दिल्ली-36 के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह 15 जुलाई को अपने साथियों के साथ जल लेने गंगोत्री गया था, लेकिन नशे की लत के चलते वह उनसे अलग हो गया। वापसी में रास्ते में उसे एक स्कूटी खड़ी मिली, जिसका लॉक तोड़कर उसने स्कूटी चोरी की और एक मैकेनिक से स्टार्ट करवाकर भाग निकला। आगे पुलिस चेकिंग देखकर वह अंधेरे में छिप गया और मौका देखकर नीचे की ओर भाग रहा था कि नरेंद्रनगर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने कबूल किया कि वह स्कूटी को सस्ते दामों में बेचने की योजना बना रहा था।
इस सफल गिरफ्तारी में थाना नरेंद्रनगर से उपनिरीक्षक आमिर खान, हेड कांस्टेबल संजय रावत और हेड कांस्टेबल 109 ना.पु. पुष्कर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

