हवाई सेवाओं का विस्तार और सुरक्षा सर्वोपरि: मुख्यमंत्री
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नागरिक उड्डयन विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाने और हेली सेवाओं के संचालन में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित नागरिक उड्डयन विभाग की “गेमचेंजर योजनाओं” की समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने के लिए हवाई सेवाओं का नेटवर्क सशक्त किया जाना आवश्यक है। साथ ही, सुरक्षा मानकों का भी कड़ाई से पालन हो। उन्होंने चारधाम के लिए नियमित चार्टर सेवा शुरू करने और एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सचिव नागरिक उड्डयन श्री सचिन कुर्वे ने बताया कि पायलट प्रशिक्षण हेतु पंतनगर में एक नया फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल स्थापित किया जा रहा है। यह केन्द्र देशभर में पायलटों की बढ़ती मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
हवाई यातायात को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ISRO के सहयोग से डिजिटल मैपिंग की क्षमता विकसित की जा रही है। उकाडा (UCADA) के माध्यम से ‘उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी स्कीम’ के तहत देहरादून–जोशीमठ–बद्रीनाथ के बीच शटल सेवा और पिथौरागढ़–धारचूला, पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हवाई सेवाओं की तैयारी की जा रही है।
आदि कैलाश क्षेत्र में तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गुंजी से सीधी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना भी बनाई जा रही है। वहीं केदारनाथ हेली सेवा को अधिक मजबूत और सुविधाजनक बनाने के लिए गरुड़चट्टी के पास एक अतिरिक्त हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है।
बैठक में जानकारी दी गई कि पंतनगर और जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तार से संबंधित कार्य प्रगति पर हैं। पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार वर्ष 2027-28 तक पूर्ण होने की संभावना है, जबकि जौलीग्रांट एयरपोर्ट को 2026 तक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा।
पिथौरागढ़ हवाई पट्टी को ‘रीजनल हब सेंटर’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि मुनस्यारी, गुंजी और आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों की पर्यटन और सामरिक आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। इसके अलावा भारतीय सेना के सहयोग से सीमांत क्षेत्रों में नए हेलीपैड निर्माण की भी योजना है।
इस बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष श्री विश्वास डाबर, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री सचिन कुर्वे, उकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री आशीष चौहान, अपर सचिव श्री विनीत कुमार, और उकाडा के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री संजय टोलिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

