देहरादून में पंचायत चुनाव का दूसरा चरण शांतिपूर्ण संपन्न, 77.25% हुआ मतदान, 31 जुलाई को होगी मतगणना

देहरादून।जनपद देहरादून में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इस चरण में डोईवाला, रायपुर और सहसपुर विकासखंडों में कुल 77.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इससे पहले पहले चरण में चकराता, कालसी और विकासनगर में 78.49 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बूथों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। बुजुर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं और पहली बार मतदान कर रहे युवा बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे।
विकासखंडवार मतदान आंकड़े इस प्रकार रहे:
-
सहसपुर: कुल 1,28,119 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,03,904 ने किया मतदान।
मतदान प्रतिशत: 81.10% -
रायपुर: कुल 22,659 पंजीकृत मतदाताओं में से 19,621 ने किया मतदान।
मतदान प्रतिशत: 86.59% -
डोईवाला: कुल 1,42,274 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,02,858 ने किया मतदान।
मतदान प्रतिशत: 72.30%
मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों की वापसी जारी है। मतदान पेटियां एवं चुनाव सामग्री स्ट्रांग रूम में जमा की जा रही हैं। सभी मत पेटियों को सीसीटीवी की निगरानी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सील किया जा रहा है।
31 जुलाई, सुबह 8 बजे से सभी विकासखंडों की मतगणना प्रारंभ की जाएगी। प्रशासन ने मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

