नशे में वाहन चला रहे स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आरोपी वर्तमान में प्रभारी CMO चमोली के पद पर तैनात

नशे में वाहन चला रहे स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आरोपी वर्तमान में प्रभारी CMO चमोली के पद पर तैनात
Spread the love

रुद्रप्रयाग।बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर लापरवाह और नशे में धुत वाहन चालक की वजह से बड़ा सड़क हादसा हुआ। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक स्कॉर्पियो वाहन ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हैरान करने वाली बात यह है कि स्कॉर्पियो चालक एक सरकारी अधिकारी, वर्तमान में प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), चमोली के पद पर कार्यरत है और नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

घटना दोपहर लगभग ढाई बजे की है जब मोनाल होटल, तिलणी के समीप स्कॉर्पियो (UK 07 HB 8986) और एक मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया। मोटरसाइकिल सवार की पहचान संयम चौधरी पुत्र रमेश सिंह, निवासी ग्राम लदोली, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। संयम ने बताया कि उसके पीछे बैठा व्यक्ति रास्ते से लिफ्ट लेकर सवार हुआ था। यह अज्ञात व्यक्ति हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो वाहन का चालक शाह हसन पुत्र जुबेर खान, निवासी प्रेमनगर, देहरादून है, जो वर्तमान में प्रभारी CMO चमोली के रूप में कार्यरत हैं। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।

घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुद्रप्रयाग में मु.अ.सं. 49/2025, धारा 125 और 281 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना प्रचलित है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून सभी के लिए एक समान है और सरकारी पदों पर आसीन कोई भी व्यक्ति यदि कानून का उल्लंघन करता है, तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles