डीएसबी छात्रसंघ चुनाव: चेतन बिष्ट को मिला करन सती समेत दर्जनों छात्र नेताओं का समर्थन

रिपोर्ट: ललित जोशी, नैनीताल।
नैनीताल। सरोवर नगरी स्थित डीएसबी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एबीवीपी के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी चेतन बिष्ट को वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष करन सती समेत दर्जनों छात्र नेताओं ने अपना समर्थन दिया है।
इस दौरान चेतन बिष्ट ने कहा कि वह छात्र हितों के लिए हमेशा आगे रहकर कार्य करेंगे। डीएसबी कॉलेज में किसी कारणवश रुके अधूरे विकास कार्यों को छात्र-छात्राओं के सहयोग से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष करन सती ने कहा कि कॉलेज में यदि कोई विकास कार्य अधूरे रह गए हैं तो उन्हें चेतन बिष्ट की टीम के साथ मिलकर पूरा कराया जाएगा। इस दौरान छात्र नेताओं ने एकजुटता दिखाते हुए “एक लक्ष्य, एक संकल्प—चेतन बिष्ट को डीएसबी कॉलेज का छात्रसंघ अध्यक्ष बनाना” का संकल्प लिया।
बताया जा रहा है कि डीएसबी कॉलेज नैनीताल समेत अन्य कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया को 30 सितंबर तक पूरा कराए जाने की संभावना है। चुनाव को लेकर छात्र नेता अपने समर्थकों के साथ छात्र-छात्राओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। इस अवसर पर एबीवीपी के तमाम नेता और छात्र मौजूद रहे।
