हरिद्वार में लूट का खुलासा, तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवलोक कॉलोनी के पास हुई लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर लूटे गए चांदी के सिक्के, सफेद धातु की मूर्ति, पेंडल, Apple मोबाइल फोन, दस्तावेज, बैग तथा वारदात में प्रयुक्त कैंची और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की रात शिवलोक कॉलोनी के पास तीन बदमाशों ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से प्रदीप कुमार शर्मा का पीछा कर उनका बैग लूट लिया था। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, Apple iPhone, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। मामले में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 293/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के डिजिटल साक्ष्य खंगाले। सीआईयू हरिद्वार की मदद से संदिग्धों की पड़ताल की गई। इसी दौरान 25 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर बीएचईएल मटेरियल गेट के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रितिक उर्फ टोपो (22) निवासी गाजियाबाद, सौरभ (19) निवासी बिजनौर और राजीव सैनी उर्फ सागर (21) निवासी हरिद्वार के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी। इसी दौरान उन्होंने कनखल में एक ज्वेलर्स की दुकान के पास से बुजुर्ग ज्वेलर्स की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। 11 अगस्त को भी उन्होंने ज्वेलर्स का पीछा किया, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने ज्वेलर्स का पीछा करते हुए शिवलोक कॉलोनी तक पहुंचे और मौका पाकर कैंची से बैग का पट्टा काट दिया।
पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ छीना-झपटी की और कैंची से वार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी लूटा गया सामान लेकर राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित रितिक के कमरे में पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कमरे की तलाशी लेकर लूटा गया सामान बरामद कर लिया।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस घटना में शामिल अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। तीनों आरोपियों को 26 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
