स्वास्थ्य मंत्री मस्त, जनता त्रस्त, अस्पतालों की बदहाली पर जन संघर्ष मोर्चा का फूटा गुस्सा

स्वास्थ्य मंत्री मस्त, जनता त्रस्त, अस्पतालों की बदहाली पर जन संघर्ष मोर्चा का फूटा गुस्सा
Spread the love

विकासनगर। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गिरती हालत और अस्पतालों में हो रही मौतों को लेकर जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य के अस्पताल आज पूरी तरह राम भरोसे चल रहे हैं। मंत्री जी मस्त हैं और जनता त्रस्त। लगातार हो रही मौतों, इलाज की कमी, लापरवाही और व्यवस्थागत बदइंतजामी ने आम जनता को झकझोर कर रख दिया है, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी और उदासीनता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेगी ने बताया कि बीते कुछ ही दिनों में दो गर्भवती महिलाओं की मौत, एक फौजी के बेटे की इलाज के अभाव में मौत, और ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनमें लोगों को समुचित उपचार नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि ये तो वे घटनाएं हैं जो अखबारों की सुर्खियां बनीं, जबकि असल में दर्जनों मामले ऐसे होते हैं जिन्हें दबा दिया जाता है। सवाल यह है कि क्या इन मौतों का कोई जिम्मेदार नहीं? क्या जवाबदेही तय नहीं होगी?

नेगी ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई बड़े सरकारी अस्पताल इलाज के नाम पर लूटपाट के केंद्र बन चुके हैं। मरीजों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, जरूरी जांचें समय पर नहीं होतीं, और आयुष्मान योजना का लाभ भी सिफारिश के बिना नहीं मिल रहा। ICU, वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं आम मरीजों की पहुंच से दूर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि अस्पतालों में मरीजों के बैठने तक की व्यवस्था नहीं है, इलाज की बात तो बहुत दूर की हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्री पर सवाल उठाते हुए मोर्चा अध्यक्ष ने पूछा कि आखिर अस्पतालों की निगरानी क्यों नहीं हो रही है? मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के बावजूद इंफ्रास्ट्रक्चर क्यों नहीं बढ़ाया जा रहा? डॉक्टरों और स्टाफ की जवाबदेही तय क्यों नहीं की जा रही? उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री जी संगठन की राजनीति और व्यक्तिगत प्रचार में व्यस्त हैं, लेकिन अस्पतालों में हो रही मौतें उनके एजेंडे में शामिल नहीं हैं।

अंत में नेगी ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया तो जन संघर्ष मोर्चा प्रदेशव्यापी जन-आंदोलन छेड़ेगा। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ ज्ञापन और बयानबाजी नहीं, बल्कि दो-दो हाथ होंगे। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि मोर्चा मंत्री जी का जीना हराम कर देगा।

पत्रकार वार्ता में मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रवीण शर्मा ‘पिन्नी’ और भीम सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles