मैनुअल पुलिसिंग का कमाल – 20 हजार का शातिर ईनामी लूटेरा STF के हत्थे चढ़ा
देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देश पर चलाए जा रहे ईनामी अपराधियों की धरपकड़ के “विशेष अभियान” के तहत STF ने मैनुअल पुलिसिंग और सटीक सुरागरसी से 20 हजार के इनामी शातिर लूटेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी जनपद देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में लूट की घटना के बाद से दो साल से फरार चल रहा था और हरियाणा में मर्डर तथा राजस्थान में मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में भी वांछित था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF श्री नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में 7 अगस्त 2025 को टीम ने पंजाब के जिला संगरूर स्थित मुबारक महल कॉलोनी, थाना सिटी संगरूर से आरोपी अमरजीत उर्फ अम्मु पुत्र गुलजार सिंह निवासी झंडी वाली गली, खैरपुर कॉलोनी, थाना सिविल लाइन, जिला सिरसा, हरियाणा को दबोचा। आरोपी 10 अगस्त 2023 को ठाकुरपुर रोड, प्रेमनगर में एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल (UK07FF7202) लूटकर फरार हो गया था। विवेचना के दौरान उसका नाम सामने आने पर उसे वांछित घोषित किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2022 में हरियाणा के सिरसा जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या करने के बाद अमरजीत फरार हो गया था। इस संबंध में थाना सिरसा सिटी, हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा, वर्ष 2025 में राजस्थान के जोधपुर जनपद के थाना डांगियावास में अवैध अफीम तस्करी के मामले में भी वह NDPS एक्ट के तहत जेल जा चुका है।
गिरफ्तारी अभियान में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, असि.उ.नि. संजय मेहरोत्रा, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, देवेंद्र ममगाईं, महेन्द्र नेगी, बृजेन्द्र चौहान, कांस्टेबल मोहन असवाल और गोविन्द बल्लभ शामिल रहे। STF का कहना है कि ऐसे वांछित अपराधियों की धरपकड़ का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

