रुद्रप्रयाग में यातायात निरीक्षक श्याम लाल को स्थानांतरण पर दी गई भावभीनी विदाई
रुद्रप्रयाग।जनपद रुद्रप्रयाग में नियुक्त यातायात निरीक्षक श्री श्याम लाल का स्थानांतरण प्रतिसार निरीक्षक (आर.आई.) पौड़ी गढ़वाल के पद पर होने के अवसर पर पुलिस कार्यालय सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
वर्ष 2021 से यातायात निरीक्षक के रूप में दायित्व निभा रहे श्री श्याम लाल ने लगभग साढ़े चार वर्षों तक जनपद में अपनी सेवाएं दीं। विदाई अवसर पर उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और अधीनस्थों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग में उन्हें सभी का सकारात्मक सहयोग मिला और यहां का अनुभव उनकी नई तैनाती में लाभदायक सिद्ध होगा।
एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है, जो नए कार्यों और चुनौतियों का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने श्री श्याम लाल के कार्यों की सराहना करते हुए उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, यातायात निरीक्षक कैलाश शर्मा, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक दमयंती गरोड़िया, सभी थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

