थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की तत्पर कार्रवाई: दो महिलाओं पर सरकारी कार्य में बाधा व पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार का मामला दर्ज

थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस की तत्पर कार्रवाई: दो महिलाओं पर सरकारी कार्य में बाधा व पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार का मामला दर्ज
Spread the love

देहरादून।थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच बिजली लाइन डालने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। स्थिति तब बिगड़ी जब विवाद करने वाली महिलाएं मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी उलझ पड़ीं, हाथापाई और ईंट से हमला करने का प्रयास किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर थाने लाया और मुकदमा दर्ज किया।

शिकायतकर्ता श्री साक्षी पत्नी सन्नी कुमार पुत्र स्व. गुलाब सिंह निवासी जी-3 रेसकोर्स, देहरादून ने चौकी फव्वारा, थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दी कि उनके घर की बिजली लाइन टूटने के बाद बिजली विभाग नई लाइन डाल रहा था। इस दौरान पड़ोसी श्रीमती संतोष रावत व उनकी पुत्री ज्योति रावत ने कार्य में बाधा डालते हुए उन्हें और उनके परिवार को गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी दी।

सूचना पर चीता मोबाइल पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां आरोपी महिला पड़ोसी से गाली-गलौच कर रही थी। समझाने पर वह और उग्र हो गई व पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगी। इसके बाद महिला उपनिरीक्षक कुसुमलता पुरोहित व महिला कॉन्स्टेबल स्वाती को मौके पर भेजा गया, लेकिन वहां भी आरोपी महिलाओं ने धक्का-मुक्की, ईंट से हमला करने का प्रयास और हाथापाई करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी दी।

मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। महिला उपनिरीक्षक कुसुम पुरोहित की तहरीर पर मु.अ.सं. 284/25, धारा 115(2)/352/351(3)/121(1)/132 बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया। नोटिस तामील कराकर दोनों को परिजनों के सुपुर्द किया गया।

मामले की विवेचना लव.उ.नि. विकास शुक्ला द्वारा की जा रही है। वहीं, आरोपी महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने क्षेत्राधिकारी डालनवाला को जांच सौंपी है।

देवभूमि खबर

Related articles