आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में नहीं होगी कटौती, विशेष अवकाश से होगा समायोजन: रघुनाथ सिंह नेगी

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में नहीं होगी कटौती, विशेष अवकाश से होगा समायोजन: रघुनाथ सिंह नेगी
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने दावा किया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रस्तावित कटौती का फैसला वापस ले लिया गया है। अब हड़ताल अवधि के 10 दिनों के मानदेय की कटौती नहीं होगी, बल्कि इसका समायोजन भविष्य के विशेष अवकाशों से किया जाएगा।
नेगी ने बताया कि कुछ माह पूर्व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मानदेय वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर करीब एक माह तक आंदोलनरत रहीं। उस दौरान शासन और संगठन के बीच हुई वार्ता में हड़ताल अवधि का मानदेय न काटने और विशेष अवकाश के माध्यम से समायोजन का आश्वासन दिया गया था। हालांकि बाद में निदेशालय की ओर से 10 दिनों के मानदेय में कटौती के निर्देश जारी किए गए थे।

उन्होंने कहा कि इस मामले को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंसी राणा के समक्ष उठाया गया। शासन स्तर पर वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में कोई कटौती नहीं की जाएगी और संबंधित अवधि का समायोजन भविष्य के विशेष अवकाशों से किया जाएगा। नेगी ने इसे जन संघर्ष मोर्चा की बड़ी सफलता बताया।

रघुनाथ सिंह नेगी ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समय पर संज्ञान नहीं लिया। उन्होंने कहा कि मंत्री को कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के प्रति अधिक संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

देवभूमि खबर

Related articles