104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की सेवाएं रविवार तक आंशिक रूप से प्रभावित, एनएचएम ने आमजन से मांगा सहयोग

104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की सेवाएं रविवार तक आंशिक रूप से प्रभावित, एनएचएम ने आमजन से मांगा सहयोग
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जानकारी उपलब्ध कराने वाली 104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की सेवाएं रविवार तक आंशिक रूप से प्रभावित रह सकती हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तराखंड द्वारा हेल्पलाइन के तकनीकी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए मुख्य विद्युत केबल बदलने और विद्युत प्रणाली के उन्नयन का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते कॉल रिसीव करने और सेवाएं उपलब्ध कराने में अस्थायी विलंब हो सकता है।

एनएचएम के अनुसार हेल्पलाइन परिसर में मुख्य विद्युत केबल का प्रतिस्थापन और बिजली व्यवस्था का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। कार्य के दौरान वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था की गई है, लेकिन तकनीकी कारणों से कुछ समय के लिए कॉल कनेक्ट होने में देरी या अस्थायी व्यवधान की संभावना बनी रहेगी।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह तकनीकी उन्नयन भविष्य में हेल्पलाइन सेवाओं को अधिक विश्वसनीय, सुरक्षित और निर्बाध बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। बढ़ती कॉल संख्या और डिजिटल सेवाओं की आवश्यकताओं को देखते हुए यह कार्य जरूरी हो गया था।104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की नोडल अधिकारी डॉ. अरिता सक्सेना ने बताया कि मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से कराया जा रहा है और प्रयास है कि रविवार तक सभी सेवाएं पूरी तरह सामान्य कर दी जाएं। एनएचएम ने अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए आमजन से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

देवभूमि खबर

Related articles