SSP मीणा की रणनीति ने फायरिंग गैंग को पहुँचाया सलाखों के पीछे

SSP मीणा की रणनीति ने फायरिंग गैंग को पहुँचाया सलाखों के पीछे
Spread the love

नैनीताल। ब्लॉक बेतालघाट में 14 अगस्त 2025 को ब्लॉक प्रमुख चुनाव की वोटिंग के दौरान एक प्रत्याशी के समर्थकों ने प्रतिद्वंद्वी पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सशस्त्र विद्रोह किया था। इस घटना में महेंद्र सिंह बिष्ट उर्फ गोधन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना बेतालघाट में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य फरार अपराधी सहित सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की। थानाध्यक्ष अनीश अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश दी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस के जरिए अभियुक्तों की तलाश की।

इन प्रयासों का परिणाम आज 20 अगस्त 2025 को सामने आया जब पुलिस टीम ने जिला लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) के भीरा कस्बे में पंजाब मेडिकल स्टोर के पास घेराबंदी कर फायरिंग के मुख्य आरोपी अमृतपाल उर्फ पन्नू सहित तीन अपराधियों को दबोच लिया। इस दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार है –

  1. अमृतपाल उर्फ पन्नू (30 वर्ष), निवासी ग्राम रोशनपुर, गूलरभोज – मुख्य आरोपी
  2. गुरमीत सिंह उर्फ पारस (28 वर्ष), निवासी ग्राम बेरिया दौलत, केलाखेड़ा
  3. प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर (32 वर्ष), निवासी मुंडिया कला बहादुरगंज बाजपुर, हाल निवासी पिरूमदारा

आपराधिक इतिहास में पाया गया कि अमृतपाल उर्फ पन्नू पर कोतवाली रामनगर में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। वहीं प्रदीप सिंह उर्फ शॉकर पर रामनगर थाने में मारपीट और धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज हैं।

इस गिरफ्तारी में बेतालघाट थानाध्यक्ष उ0नि0 अनीश अहमद, उ0नि0 फिरोज (साइबर सेल), हे0का0 मंजीत (चोरगलिया), का0 संदीप सिंह और का0 संदीप दोसाद (रामनगर) की भूमिका सराहनीय रही।

गौरतलब है कि इस मामले में 14 अगस्त को ही छह आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए थे और दो वाहन सीज किए गए थे।

SSP नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।**

देवभूमि खबर

Related articles