प्रशासन ने पिथौरागढ़ में अवैध भांग की खेती की नष्ट, ग्रामीणों ने दिया सहयोग
पिथौरागढ़। नशा मुक्त उत्तराखण्ड अभियान के अंतर्गत प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में तहसील पिथौरागढ़ के ग्राम शिलिंग्या, सुकौली, तोली व आसपास के क्षेत्रों में राजस्व टीम ने व्यापक अभियान चलाकर खेतों में उगाई गई अवैध भांग की खेती को नष्ट किया।
इस कार्रवाई में ग्रामीणों ने भी प्रशासन का साथ दिया, जिससे अभियान और अधिक प्रभावी हो पाया।
उपजिलाधिकारी पिथौरागढ़ सदर मंजीत सिंह के निर्देश पर पहुंची टीम ने न केवल अवैध खेती को नष्ट किया, बल्कि गांव वालों को यह संदेश भी दिया कि नशीली खेती गैरकानूनी है और समाज व आने वाली पीढ़ियों के लिए घातक है।
एसडीएम मंजीत सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अवैध खेती या नशे के कारोबार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा और कानूनी कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

