केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं के लिए समझौता – पर्यटन, रोजगार और कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में मंगलवार को सचिवालय में पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे विकास के लिए राज्य सरकार और नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ। समझौते के तहत एनएचएलएमएल की 51 प्रतिशत और राज्य सरकार की 49 प्रतिशत इक्विटी भागीदारी होगी। राजस्व साझेदारी के अंतर्गत 90 प्रतिशत धनराशि उत्तराखंड में पर्यटन, परिवहन और गतिशीलता के क्षेत्र में व्यय की जाएगी।
समझौते के अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह समझौता प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ ही पर्यटन, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग खोलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्वतमाला परियोजना के तहत सोनप्रयाग–केदारनाथ के बीच 12.9 किमी लंबी रोपवे परियोजना 4100 करोड़ रुपये की लागत से और गोविंदघाट–हेमकुंड साहिब के बीच 12.4 किमी लंबी रोपवे परियोजना 2700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार में नए आयाम स्थापित करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य में रेल, रोड और रोपवे कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑलवेदर रोड, दिल्ली–देहरादून एलिवेटेड रोड, हल्द्वानी बाईपास, पौंटा साहिब–देहरादून मार्ग, सितारगंज–टनकपुर मार्ग और सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है।
राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि रोपवे के विकास के दृष्टिकोण से यह राज्य के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि इन रोपवे के निर्माण से श्रद्धालुओं को केदारनाथ और हेमकुंड साहिब तक पहुंचने में आसानी होगी।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि समझौते के बाद पर्यटन विकास को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिकी और रोजगार में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, अपर सचिव विनय कुमार, सचिव दिलीप जावलकर, धीराज गर्ब्याल, युगल किशोर पंत, एनएचएलएमएल के सीईओ राजेश मलिक, वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत जैन, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

