एसएसपी नैनीताल का आदेश कक्ष: विवेचना में लापरवाही पर दो निलंबित, दो लाइन हाजिर
नैनीताल।एसएसपी नैनीताल श्री प्रहलाद नारायण मीणा ने बुधवार को जनपद के सभी विवेचकों का आदेश कक्ष लिया। इस दौरान लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से लिया जाए और विवेचना अकारण लंबित न रखी जाए। उन्होंने कहा कि गुमशुदाओं से संबंधित सभी पोर्टलों पर डाटा अंकन और प्रचार-प्रसार की कार्यवाही समय से पूरी की जाए। इसके अलावा मा० न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने और केस डायरी सहित सभी दस्तावेज पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
विवेचना में लापरवाही बरतने पर उपनिरीक्षक हरजीत सिंह राणा और अपर उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह को निलंबित किया गया, जबकि उपनिरीक्षक मोहम्मद युनुस और उपनिरीक्षक तारा सिंह राणा को लाइन हाजिर कर दिया गया। एसएसपी ने चेतावनी दी कि विवेचना में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कोई भी विवेचक यदि मा० न्यायालयों में गवाही देने हेतु अनुपस्थित रहता है या प्रकरणों में लापरवाही करता है तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही होगी।
आदेश कक्ष के दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल, सीओ हल्द्वानी श्री नितिन लोहनी, सीओ रामनगर श्री सुमित पांडे सहित जिले के सभी विवेचक मौजूद रहे।

