कृषि, ऊर्जा, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा योजनाओं की समीक्षा—सीएम ने दिए कड़े निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय, देहरादून में राज्य स्तरीय दिशा समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में कृषि, ग्रामीण विकास, शहरी विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, पर्यावरण एवं खेल से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए और पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच समन्वय बनाकर योजनाओं का लाभ शीघ्र जनता तक पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता है।
तकनीकी उपयोग पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक डिजिटल प्रौद्योगिकी से योजनाओं की निगरानी व संचालन की गति में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुँचाने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करना होगा।
कृषि और ऊर्जा क्षेत्र की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा पंपों की स्थापना की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई सुविधा सुलभ होगी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
सड़क संपर्क को विकास की आधारशिला बताते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शेष गांवों को शीघ्र सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार सृजन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, युवाओं और महिलाओं के लिए कौशल विकास व उद्यमिता योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए शासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय जनता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाए रखें और योजनाओं की प्रगति साझा करें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, डॉ. कल्पना सैनी, विधायकगण श्री सहदेव सिंह पुण्डीर, श्रीमती रेनू बिष्ट, श्री सुरेश गढ़िया, श्री शक्तिलाल शाह, श्री हरीश धामी एवं श्री मनोज तिवारी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रमुख सचिव श्री एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, सचिव श्रीमती राधिका झा, श्री नितेश झा सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष भी शामिल हुए।
