लापरवाह अफसरों की तय होगी जिम्मेदारी, नियमों के तहत होगी कार्रवाई: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

लापरवाह अफसरों की तय होगी जिम्मेदारी, नियमों के तहत होगी कार्रवाई: मुख्य निर्वाचन अधिकारी
Spread the love

देहरादून।मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल के मंडलायुक्तों तथा देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा की।

बैठक में जिलाधिकारियों ने दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण को लेकर अब तक की गई कार्रवाई और आगे की रणनीति पर जिलेवार विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दावे एवं आपत्तियों की नियमानुसार सुनवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए यथोचित कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर राजनीतिक दलों और मीडिया के साथ नियमित संवाद बनाए रखें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर पारदर्शिता और समन्वय कायम रहे।

समीक्षा के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारियों से **फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8** के निस्तारण की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर **4 प्रतिशत से अधिक परिवर्धन अथवा 2 प्रतिशत से अधिक अपमार्जन** की संभावना है, ऐसे बूथों का संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) व्यक्तिगत निरीक्षण एवं समीक्षा करें और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं मंडलायुक्त श्री दीपक रावत और गढ़वाल मंडलायुक्त श्री आनंद स्वरूप द्वारा हाल में किए गए जनपद भ्रमण का फीडबैक भी लिया। उन्होंने दोनों मंडलायुक्तों को लगातार फील्ड विजिट करते हुए SIR अभियान की प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चंद्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित दोनों मंडलायुक्त और सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles