पिथौरागढ़-मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा हेली सेवाओं का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

पिथौरागढ़-मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा हेली सेवाओं का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन हवाई सेवाओं के शुरू होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में आम नागरिकों का आवागमन सुगम होगा और पर्यटन व आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर हैं, और हेली सेवा शुरू होने से पर्यटक इन शहरों तक आसानी से पहुँच सकेंगे। हल्द्वानी से अल्मोड़ा का समय 3-4 घंटे से घटकर कुछ ही मिनटों का रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना के तहत प्रदेश में हवाई संपर्क मजबूत हुआ है और 18 हेलीपोर्ट्स में से अब तक 12 पर सेवाएँ शुरू हो चुकी हैं। हेली सेवाओं से गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को जोड़ा जा चुका है और भविष्य में अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में हवाई संपर्क को सशक्त बनाने के साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं और जौलीग्रांट व पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय सेवा के लिए विकसित किया जा रहा है।

पिथौरागढ़-मुनस्यारी के लिए हेली सेवा सप्ताह में 7 दिन और प्रत्येक दिन दो बार संचालित होगी। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए सुबह 10:30 और दोपहर 1:50 बजे, मुनस्यारी से पिथौरागढ़ के लिए सुबह 10:50 और दोपहर 2:10 बजे उड़ान भरेगी। हल्द्वानी-अल्मोड़ा मार्ग के लिए सुबह 11:50 और दोपहर 3:10 बजे, अल्मोड़ा-हल्द्वानी के लिए दोपहर 12:50 और सायं 4:10 बजे सेवा चलेगी। हवाई सेवाओं का किराया ₹2,500 है और यात्री इसे https://airheritage.in/ से ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।

कार्यक्रम में सचिव युकाडा श्री सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा श्री आशीष चौहान एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles