जिला स्तरीय वालीबॉल एवं योग प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण के साथ सम्पन्न, डीडीहाट ने फाइनल में स्टेडियम ट्रेनीज पिथौरागढ़ को 3-2 से हराया

जिला स्तरीय वालीबॉल एवं योग प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण के साथ सम्पन्न, डीडीहाट ने फाइनल में स्टेडियम ट्रेनीज पिथौरागढ़ को 3-2 से हराया
Spread the love

पिथौरागढ़। खेल निदेशालय उत्तराखण्ड, देहरादून के सहयोग एवं जिला प्रशासन पिथौरागढ़ के दिशा-निर्देशन में खेल विभाग पिथौरागढ़ द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गॉधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय जिला स्तरीय वालीबॉल एवं योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित कर प्रतियोगिता सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का आरंभ स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़ में झण्डारोहण एवं स्वच्छता अभियान के साथ किया गया। सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने राष्ट्रगान के साथ महात्मा गॉधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

जिला स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला डीडीहाट और स्टेडियम ट्रेनीज पिथौरागढ़ के बीच खेला गया। पहले सैट में स्टेडियम ट्रेनीज ने डीडीहाट को 25-22 से हराया, दूसरे सैट में डीडीहाट ने 26-24 से जीत दर्ज की, तीसरे सैट में डीडीहाट 25-17 से जीता, चौथे सैट में स्टेडियम ट्रेनीज ने 25-21 से बढ़त बनाई और पांचवे सैट में डीडीहाट ने 15-12 से जीत हासिल कर फाइनल मुकाबला 3-2 सैटों से जीत लिया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखंडों की 9 टीमें भागी थीं।

जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता में अंडर-08 से 10 वर्ष और 10 से 11 वर्ष वर्ग में फाइनल में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सबसे कम उम्र के प्रतिभागियों प्रभात नेगी, साइकृति बेरी, काव्या धामी, योगिता, शिवांश और विराट धामी को विशेष सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

फाइनल मुकाबलों के मुख्य अतिथि डॉ. जगदीश सिंह नेगी, जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी, पिथौरागढ़ और अति विशिष्ट अतिथि जिला एथलेटिक्स संघ पिथौरागढ़ के अध्यक्ष तथा रिटायर्ड प्राचार्य प्रो. जीत सिंह ज्याला रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की और गॉधी जी के जीवन संघर्ष, उनकी देश सेवा और उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला।

जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

देवभूमि खबर

Related articles