एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत उत्तराखण्ड पुलिस की सशक्त कार्रवाई — बढ़ते सिंथेटिक ड्रग्स ट्रेंड पर कड़ी निगरानी
नशे के सौदागरों पर उत्तराखण्ड पुलिस की करारी चोट — ड्रग्स के खिलाफ निर्णायक जंग में विगत तीन वर्षों में भारी मात्रा में नशा बरामद, नशा तस्कर भेजे सलाखों के पीछे
देहरादून। राज्य में नशे के खिलाफ निर्णायक जंग छेड़े हुए उत्तराखण्ड पुलिस ने विगत तीन वर्षों में एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत 3431 अभियोगों में 4440 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 681.09 कि०ग्रा० चरस, 649.79 कि०ग्रा० डोडा, 61.22 कि०ग्रा० अफीम, 0.39 ग्राम कोकीन, 58.98 कि०ग्रा० हेरोइन, 4954.34 कि०ग्रा० गांजा, 720278 गोलियां, 38919 इंजेक्शन व 718201 कैप्सूल बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20.80 करोड़ रुपये है। एनडीपीएस अपराधों में हाल के वर्षों में एमडीएमए और अन्य सिंथेटिक दवाओं के चलन में वृद्धि देखी गई है। पारंपरिक मादक पदार्थों की तुलना में इन सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी में तेज़ी आई है, जिस पर पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। राज्य पुलिस द्वारा अपराधियों के नये तौर-तरीकों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
जनपद चम्पावत में एसटीएफ और चम्पावत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्ता ईशा पत्नी राहुल कुमार और राहुल कुमार पुत्र स्व. गणेश राम को गिरफ्तार कर 5.688 कि०ग्रा० एमडीएमए बरामद किया गया। (मु०अ०सं०-67/2025, धारा 8, 21, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट, थाना बनबसा)। वहीं जनपद ऊधम सिंह नगर में एसटीएफ/नानकमत्ता पुलिस ने अभियुक्त कुणाल राम कोहली को गिरफ्तार कर एमडीएमए एवं प्रिकर्सर केमिकल्स बरामद किए, जिनमें Dichloromethane (57.5 लीटर), Acetone (20 लीटर), Hydrochloric Acid (47.5 लीटर), Methylamine Solution (500 मिलीलीटर) एवं Sodium Hydroxide Pellets (28 किलो) शामिल हैं।
राज्य में स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित फार्मा कम्पनियों द्वारा ड्रग्स डायवर्जन एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी सशक्त कार्रवाई की गई है। जनपद देहरादून में ग्रीन हर्बल फैक्ट्री से 900 कैप्सूल (Paracetamol Dicyclomine Hydrochloride & Tramadol Hydrochloride), 694 टेबलेट (Buprenorphine & Naloxone), 327 टेबलेट Tramadol Hydrochloride, 192 बोतल Syrup (LYKAREX-TM) सहित अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए। वहीं जनपद हरिद्वार के थाना रानीपुर क्षेत्र में आचल एक्सप्रेस चौहान कम्पाउंड स्थित गोदाम पर छापेमारी कर 24 पेटियों में 3.41 लाख नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि देहरादून स्थित बायोटेक लिमिटेड डिपो से 2.16 लाख शीशियां नशीले सीरप की और 6.01 लाख ट्रामाडोल कैप्सूल की आपूर्ति की गई थी। चंडीगढ़ एनसीबी द्वारा चंडीगढ़ में 7 तस्करों को जे.आर. फार्मा कम्पनी, सिडकुल हरिद्वार से निर्मित 60 हजार प्रतिबंधित गोलियों सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद कंपनी पर छापा मारकर 2.5 लाख प्रतिबंधित गोलियां बरामद की गईं।
उत्तराखण्ड पुलिस ड्रग्स की रोकथाम हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करों की धरपकड़ के साथ ही जनजागरूकता अभियानों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, ताकि समाज को नशे के दुष्परिणामों से बचाया जा सके।

