नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। महिला अपराधों के प्रति संवेदनशील दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग युवती को बरामद कर उसे बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना कोतवाली नगर में वादिनी की तहरीर पर नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर युवती की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से पता चला कि रविंद्र कुमार नामक युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी।
01 मई 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आईएसबीटी बस स्टैंड के पास से नाबालिग युवती को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी रविंद्र कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 64(1) एवं पॉक्सो अधिनियम की धाराएं बढ़ाई गईं।
गिरफ्तार आरोपी रविंद्र कुमार (18 वर्ष) निवासी अयोध्या (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में पानीपत (हरियाणा) में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

