बरसात थमते ही 07 दिन में बटोली को जोड़ा सड़क से ,डीएम बंसल ने पूरा किया वादा

बरसात थमते ही 07 दिन में बटोली को जोड़ा सड़क से ,डीएम बंसल ने पूरा किया वादा
Spread the love

देहरादून।जिला प्रशासन ने बरसात थमते ही मात्र सात दिनों के भीतर आपदाग्रस्त क्षेत्र बटोली को पुनः सड़क संपर्क से जोड़ दिया है। अब इस क्षेत्र में वाहन घर-घर तक पहुंचने लगे हैं।

सहसपुर ब्लॉक के मिसराज पट्टी स्थित सुदूरवर्ती बटोली गांव का सड़क संपर्क अतिवृष्टि के कारण टूट गया था। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आपदा की सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं जानी थीं। शेरू खाला मार्ग में बने गहरे गड्ढों और धंसानों को देखते हुए प्रशासन ने रातों-रात वैकल्पिक मार्ग तैयार कराया था। बरसात के पूरे तीन महीनों तक इस मार्ग को चालू रखने के लिए 24×7 मैनपावर और मशीनरी की तैनाती की गई थी।

11 जुलाई को किए गए अपने स्थल निरीक्षण के दौरान डीएम सविन बंसल ने बटोली क्षेत्र की वर्षों पुरानी विद्युत और पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कराने का आश्वासन दिया था। मात्र एक सप्ताह में उन्होंने उक्त कार्यों के लिए बजट जारी कर दिया था — पेयजल लाइन के लिए ₹3.79 लाख और विद्युत लाइन सुधार कार्य के लिए ₹2.19 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई थी।

डीएम ने मौके पर ही प्रभावित परिवारों को राहत हेतु तीन माह तक ₹4,000 प्रति परिवार प्रतिमाह की दर से अग्रिम सहायता राशि भी प्रदान की थी।

अब, रिकॉर्ड समय में बटोली गांव को सड़क संपर्क से जोड़कर जिला प्रशासन ने अपना वादा पूरा किया है। साथ ही, डीएम के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण भी कराया जा रहा है।

आपदाग्रस्त क्षेत्र में जिला प्रशासन की यह सक्रियता न केवल त्वरित रिस्पांस का उदाहरण है, बल्कि यह मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और “जन-मन के प्रति कर्तव्यनिष्ठ प्रशासन” की जीवंत झलक भी प्रस्तुत करती है।

देवभूमि खबर

Related articles