ईमानदारी की मिसाल: सड़क पर मिला पर्स लौटाकर पीआरडी जवान विष्णु ने बढ़ाया पीआरडी और पुलिस का गौरव
चमोला।ईमानदारी की मिसाल बने पीआरडी जवान विष्णु ने मानवता और कर्तव्य के प्रति अपनी निष्ठा दिखाते हुए सड़क पर मिला पर्स उसके असली मालिक तक पहुंचाया। विष्णु की इस सच्चाई ने न केवल पर्स मालिक का दिल जीता, बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्तराखण्ड पुलिस व पीआरडी बल की छवि को और भी सम्मानित किया।
दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को पीआरडी जवान विष्णु को पोखरी बाजार में विनायकधार के पास सड़क पर एक पर्स पड़ा हुआ मिला। आस-पास पूछताछ करने पर किसी को इसकी जानकारी नहीं थी कि पर्स किसका है। जब उन्होंने पर्स खोलकर देखा तो उसमें एक आधार कार्ड और ₹1000 की नकदी रखी थी।
पीआरडी जवान विष्णु ने बिना देर किए बाज़ार में पर्स के स्वामी की तलाश शुरू की। दुकानों और राहगीरों से पूछताछ के बाद काफी प्रयासों के उपरांत पर्स श्रीमती अर्चना निवासी पोखरी, जनपद चमोली का होना पाया गया। उन्होंने आवश्यक सत्यापन के बाद पर्स को नकदी सहित सकुशल महिला के सुपुर्द कर दिया।
अपना पर्स वापस मिलने पर महिला ने पीआरडी जवान विष्णु की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सच्चाई की सराहना करते हुए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
