घर में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर ठगी का आरोप, खटीमा पुलिस ने चार आरोपी दबोचे

तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर रकम ऐंठने, जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने और धमकी देकर दबाव बनाने का आरोप
खटीमा। घर और जमीन में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर कथित धोखाधड़ी करने, धनराशि हड़पने, भयादोहन और जमीन हड़पने की साजिश के मामले में खटीमा पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को संजय पार्क रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। मामले में भूमि संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लेने, कथित तांत्रिक क्रियाओं व पूजा-पाठ के नाम पर रुपये वसूलने तथा धमकी देकर दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराधमुक्त और भयमुक्त उत्तराखंड के संकल्प के तहत जिले में धोखाधड़ी, अवैध वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
सोना मिलने का लालच देकर रकम लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि लक्ष्मण सिंह भाटिया और उसके अन्य साथियों ने उसके पिता को घर और जमीन में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर विश्वास में लिया। इसके बाद कथित तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर खर्च होने की बात कहकर अलग-अलग किस्तों में धनराशि ली गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि भूमि से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों पर शिकायतकर्ता के पिता के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लिए गए। वादी के अनुसार, दस्तावेजों में जमीन के संबंध में करीब 46 लाख रुपये और 80 लाख रुपये की धनराशि अंकित है।
बंधक बनाने और धमकी देने के भी आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके पिता को कथित तौर पर कार में ले जाकर बंधक बनाया गया। हथियार दिखाकर और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उन पर दबाव बनाया गया। तहरीर में करीब 10 लाख रुपये नकद लिए जाने और जमीन को कथित रूप से कम कीमत पर बिकवाने की साजिश किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम से उसके पिता पर गंभीर मानसिक दबाव पड़ा। पुलिस का कहना है कि धनराशि के लेन-देन, जमीन से संबंधित दस्तावेजों, कथित धमकियों और जमीन खरीदने वाले व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, तलाश के दौरान भूड़ महोलिया की पुलिया के पास मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में नामजद आरोपी खटीमा रेलवे स्टेशन के पास कहीं जाने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने संजय पार्क रेलवे स्टेशन के पास पहुंचकर घेराबंदी की और चारों नामजद आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों को मुकदमा संख्या 308/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 308(6), 127(2), 61(2) और 319(2) के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण सिंह भाटिया (44 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 12, भूड़ महोलिया, खटीमा; विवेक कुमार (47 वर्ष), निवासी बानूसी, झनकट, खटीमा; नन्द किशोर (40 वर्ष), निवासी बण्डिया, खटीमा; और शिव सिंह राणा (38 वर्ष), निवासी मोहम्मदपुर भुड़िया, खटीमा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में धनराशि के लेन-देन, भूमि संबंधी दस्तावेजों और कथित धमकियों की जांच की जा रही है। जिन व्यक्तियों ने संबंधित जमीन खरीदी है, उनकी भूमिका भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांची जाएगी। आवश्यकतानुसार आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जमीन की खरीद-फरोख्त नियमानुसार और वैधानिक प्रक्रिया के तहत ही करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी होती है, तो वह पुलिस को शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई कराए।
कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली खटीमा के प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, विवेचक उपनिरीक्षक राकेश राय, उपनिरीक्षक भुवन गहतौड़ी, कांस्टेबल कमल पाल, कांस्टेबल सुभाष पांडेय, कांस्टेबल तुलसी प्रसाद भट्ट और चालक धनी राम शामिल रहे।


