कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस की संवेदनशीलता और सतर्कता का परिणाम — 48 घंटे में दो गुमशुदा युवतियाँ सकुशल बरामद

कर्णप्रयाग।कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस ने अपनी संवेदनशीलता, सतर्कता और त्वरित कार्यशैली का परिचय देते हुए मात्र 48 घंटे के भीतर दो गुमशुदा युवतियों को अलग-अलग जनपदों से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। यह सफलता पुलिस टीम की मेहनत, तकनीकी दक्षता और समर्पण का परिणाम है, जिसने परिवारों को राहत की सांस दी।
दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को एक वादी द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग में सूचना दी गई कि उनकी पुत्री तथा उसकी एक सहेली, दोनों की उम्र लगभग 19 वर्ष, दिनांक 05.10.2025 को बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, परंतु दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
महिलाओं से संबंधित संवेदनशील प्रकरण होने के कारण कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस द्वारा वादी की लिखित शिकायत के आधार पर तत्काल दोनों युवतियों की गुमशुदगी दर्ज की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में युवतियों की शीघ्र बरामदगी हेतु विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा गुमशुदा युवतियों की खोज में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाते हुए स्थानीय वाहन चालकों से पूछताछ की गई तथा थाना क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। साथ ही सर्विलांस सेल की तकनीकी टीम की सहायता भी ली गई।
पुलिस की गहन खोजबीन, सतत प्रयास और तकनीकी दक्षता के परिणामस्वरूप एक युवती को दिनांक 06.10.2025 को जनपद हरिद्वार से तथा दूसरी युवती को दिनांक 07.10.2025 को जनपद देहरादून से सकुशल बरामद किया गया।
दोनों युवतियों को विधिक औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने कर्णप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
