रायपुर आंगनबाड़ी केंद्रों में सड़े अंडे मिलने की शिकायत पर जांच के आदेश —प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा — कार्रवाई नीचे नहीं, जिम्मेदार आपूर्तिकर्ताओं पर हो

Spread the love

देहरादून। कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी, रायपुर देहरादून द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल शिकायत के आधार पर जांच के आदेश जारी किए गए हैं। शिकायत में बताया गया था कि रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना के तहत वितरित किए जा रहे अंडे सड़े हुए पाए गए हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास देहरादून के पत्र संख्या सी-1340 दिनांक 09 अक्टूबर 2025 के आधार पर यह संज्ञान लिया गया। पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि जब पहले ही यह आदेश दिया जा चुका है कि किसी भी सामग्री को बिना जांच स्वीकार न किया जाए, तो खराब अंडे कैसे प्राप्त किए गए और इस संबंध में तत्काल सूचना क्यों नहीं भेजी गई।

बाल विकास परियोजना अधिकारी, रायपुर ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया है कि प्रकरण की तथ्यात्मक जांच कर कारण सहित विस्तृत आख्या दो दिन के भीतर प्रस्तुत की जाए।

इस मामले पर संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी ने कहा कि, “देखिए, कार्रवाई हमेशा नीचे के कर्मचारियों पर होती है, जबकि अंडे न तो सीडीपीओ और न ही सुपरवाइजर ने मंगवाए हैं। वास्तविक जिम्मेदारी उन पर तय होनी चाहिए जिनके हस्ताक्षर से सप्लाई स्वीकृत हुई या जिनके स्तर से टेंडर पास हुआ है। कार्रवाई करनी है तो उन्हीं पर करें — तभी यह न्यायसंगत होगी।”

विभागीय स्तर पर फिलहाल जांच की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और रिपोर्ट जल्द ही जिला कार्यालय को भेजी जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles