फर्जी कंपनी बनाकर 2.5 करोड़ की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
टिहरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी कंपनी संचालित कर लोगों से 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली चम्बा में दर्ज मुकदमा संख्या 30/2025 में धारा 61(2), 316(2), 318(4), 338, 336(3), 340 बीएनएस, 4/22 अधिनियमित जमा योजनाएं प्रतिबंध अधिनियम तथा 3/21 BUDS एक्ट के तहत जांच की जा रही थी। विवेचना में सामने आया कि अभियुक्तों ने “बोरा विकास निधि लिमिटेड कंपनी” को ऋषिकेश में पंजीकृत कर चम्बा क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के शाखा संचालित की और स्थानीय लोगों से करोड़ों रुपये जमा कर गबन किया।
जांच में पाया गया कि कंपनी को मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स से आवश्यक अनुमति प्राप्त नहीं थी और शाखा पूरी तरह अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी चम्बा के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए 07 मई 2026 को वांछित अभियुक्त सूरज मणि सेमवाल को मुनिकीरेती क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त सूरज मणि सेमवाल पुत्र स्वर्गीय शिवराम सिंह, निवासी वार्ड नंबर-03, ढालवाला, मुनिकीरेती, जनपद टिहरी गढ़वाल के खिलाफ जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार थाने में भी समान प्रकृति का मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज ममगाईं, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र नेगी एवं कांस्टेबल अंकुर शामिल रहे, जिन्होंने लगातार सुरागरसी-पतारसी और अथक प्रयासों के बाद वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

