राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस

राजकीय महाविद्यालय नैनबाग में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस
Spread the love

टिहरी। राजकीय महाविद्यालय नैनबाग की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. ब्रीश कुमार द्वारा किया गया। इसके पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष संदीप कुमार ने स्वयंसेवियों को एनएसएस के उद्देश्य, कार्य और संकल्प के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष परमानंद चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य राष्ट्र की निस्वार्थ भावना से सेवा करना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवियों को समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जाता है।

राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. मधुबाला जुवांठा ने कहा कि एनएसएस महाविद्यालय की एक महत्वपूर्ण इकाई है, जो स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता, नशा मुक्ति और संविधान दिवस जैसे सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाती है। स्वयंसेवी कशिश राघव ने स्वच्छता पर जानकारी साझा की, जबकि योग शिक्षक राजमोहन सिंह रावत—जो स्वयं पूर्व में एनएसएस स्वयंसेवी रह चुके हैं—ने अपने अनुभव छात्रों के साथ साझा किए।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि एनएसएस स्वयंसेवियों में राष्ट्रप्रेम, सेवा और समर्पण की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि वर्षभर में स्वयंसेवियों के लिए एक दिवसीय और सात दिवसीय शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनमें स्वच्छता, मतदाता जागरूकता, प्लास्टिक उन्मूलन, नशा मुक्ति और रक्तदान जैसे अभियान संचालित होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नैनबाग द्वारा भेजी गई कृमि उन्मूलन दवा एल्बेंडाजोल का वितरण भी स्वयंसेवियों को किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. ब्रीश कुमार ने स्वयंसेवियों को आशीर्वचन देते हुए उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर योग शिक्षक राजमोहन सिंह रावत, भुवन चंद्र डिमरी, अनु सेवक अनिल नेगी, रोशन रावत, मोहन लाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।

देवभूमि खबर

Related articles