थिएटर विभाग दून विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय “थिएटर इन एजुकेशन” कार्यशाला संपन्न
देहरादून।दून विश्वविद्यालय के थिएटर विभाग द्वारा 13 से 15 अक्टूबर 2025 तक तीन दिवसीय “थिएटर इन एजुकेशन” कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का केंद्रीय विषय डेवलपमेंटल थिएटर व सोशल–इमोशनल लर्निंग (SEL) रहा। कार्यशाला का संचालन “ला पो ला थिएटर इन एजुकेशन — इंडिया” के संस्थापक निदेशक श्री वॉल्टर पीटर ने किया। इसमें जेनरिक एलकटिव कोर्स और एम.ए. थिएटर के पचास से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यशाला में वॉल्टर पीटर और उनकी टीम ने अनेक थिएटर–इन–एजुकेशन (TIE) विधियाँ और गेम्स का अभ्यास कराया, जिनमें वॉयस मोड्यूलेशन, मूवमेंट व फिजिकल एक्सप्रेशन, सर्किल इम्प्रोवाइजेशन, ऑन-द-स्पॉट एक्टिविटीज, थिएटर गेम्स और टीम-बिल्डिंग एक्सरसाइज़ प्रमुख रहीं। इन अभ्यासों ने विद्यार्थियों में अभिनय के साथ-साथ आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और सहयोग की भावना को विकसित किया। प्रतिभागियों ने कहा कि उन्हें अपने भीतर की रचनात्मकता को खेलने-खेल में समझने और व्यक्तित्व के नए पहलुओं को खोजने का अवसर मिला।
कार्यशाला के दौरान प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ विश्वविद्यालयी शिक्षा का अनिवार्य हिस्सा होनी चाहिए क्योंकि थियेटर-इन-एजुकेशन विद्यार्थियों में तकनीकी निपुणता के साथ संवेदनशीलता और समावेशी सोच भी विकसित करता है। वहीं, प्रो. एच.सी. पुरोहित, निदेशक आईक्यूएसी ने नाट्य कला शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए ऐसी कार्यशालाओं के स्थायी आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया।
ला पो ला थिएटर इन एजुकेशन इंडिया के फाउंडर डायरेक्टर श्री वॉल्टर पीटर ने अपने 35 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि TIE केवल कला नहीं, बल्कि एक शैक्षणिक विधा है जो कक्षा को सुरक्षित, सहभागी और सक्रिय बनाकर सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाती है।
विद्यार्थियों ने “Me to We” की अवधारणा पर कार्य करते हुए व्यक्तिगत अनुभवों को समूह के संदर्भ में जोड़ने, सहानुभूति और सहयोग को अपनाने का अनुभव किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला से उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल और समूह में कार्य करने की क्षमता में वृद्धि हुई।
कार्यशाला में डॉ. अजीत पंवार और श्री कैलाश कंडवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। प्रमुख प्रतिभागियों में अंजेस कुमार, वैशाली नेगी, राजेश भारद्वाज, सरिता भट्ट, सरिता बहुगुणा, हिमांशु, समृद्धि बधानी, राशि, दिव्यता, तमन्ना, अनुष्का, वैचली, रिया, आदित्य, वैभवी, आकाशदीप, अमीशी, मार्सी, ज्योति, रिद्धिवे, अनुपमे, आकृति, प्राची नौटियाल, मार्शिता, शगुन, जानवी गुसाईं, ज्योति सिंह, शैलजा सहित कई विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
