त्योहारों से पहले बुग्गावाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली मावा गिरोह का भंडाफोड़, 10 क्विंटल फर्जी मावा बरामद

त्योहारों से पहले बुग्गावाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली मावा गिरोह का भंडाफोड़, 10 क्विंटल फर्जी मावा बरामद
Spread the love

हरिद्वार।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर आगामी त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले नकली खाद्य पदार्थ (मावा, पनीर आदि) बनाने और बेचने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बुग्गावाला पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो नकली मावा तैयार कर बाजारों में बेचने की फिराक में था।

पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर 2025 को चौकी अमानतगढ़ में बैरियर लगाकर वाहनों की सघन चेकिंग की, इस दौरान एक महिंद्रा कार से 10 क्विंटल नकली मावा बरामद किया गया, जो प्लास्टिक के कट्टों में भरा हुआ था। इसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। वाहन चालक की पहचान मोहम्मद आरिफ पुत्र नईम (उम्र 24 वर्ष), निवासी सुभाषनगर, थाना मंडी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

पूछताछ में उसने बताया कि यह नकली मावा मुजफ्फरनगर से देहरादून बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। मौके पर खाद्य विभाग की टीम बुलाई गई, जिसने नमूने लेकर बाकी मावा मौके पर ही नष्ट कर दिया। वाहन को सीज कर चालक को आवश्यक कार्रवाई हेतु खाद्य विभाग के सुपुर्द किया गया।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान (चौकी प्रभारी अमानतगढ़), हेड कांस्टेबल कुश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रवीण, और कांस्टेबल रमेश राणा शामिल रहे।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि नकली खाद्य पदार्थों का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles