एक हादसा, दो चेहरे – नशे में धुत चालक गिरफ्तार, मददगार चालक का थराली पुलिस ने किया सम्मान

एक हादसा, दो चेहरे – नशे में धुत चालक गिरफ्तार, मददगार चालक का थराली पुलिस ने किया सम्मान
Spread the love

थराली। यह घटना इंसानियत और लापरवाही — दोनों के बीच का फर्क स्पष्ट करती है। एक तरफ शराब के नशे में वाहन चलाने वाला चालक लोगों की जान जोखिम में डाल बैठा, वहीं दूसरी ओर उसी गाँव का एक चालक इंसानियत की मिसाल बन गया।

दिनांक 18 अक्तूबर 2025 को थाना थराली को सूचना मिली कि कोटदीप-डूंगरी मोटर मार्ग पर एक सवारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष थराली विनोद चौरसिया पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे, जहां वाहन संख्या UK11 TA 1180 (टाटा सूमो) सड़क से लगभग 25-30 मीटर नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उपचार हेतु सीएचसी थराली पहुँचाया।

जांच के दौरान जब वाहन चालक सैन सिंह पुत्र हरक सिंह निवासी ग्राम बूँगा, थाना थराली (उम्र 33 वर्ष) का मेडिकल कराया गया, तो पता चला कि चालक शराब के नशे में था और सवारियों की जान जोखिम में डालकर वाहन चला रहा था। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट परिवहन विभाग को भेजी जा रही है।

वहीं, उसी गाँव के वाहन स्वामी/चालक राकेश सिंह पुत्र मोहन सिंह (उम्र 41 वर्ष) ने मानवीयता का परिचय देते हुए हादसे में घायल सवारियों को अपने वाहन संख्या UK11 TA 2013 से सीएचसी थराली पहुँचाया और एक सच्चे Good Samaritan की भूमिका निभाई।

यह हादसा एक बड़ा संदेश देता है — लापरवाही और नशे से जिंदगी खतरे में पड़ती है, जबकि जिम्मेदारी और इंसानियत से जिंदगी बचाई जा सकती है।

चमोली पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles