हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता, दो हत्यारोपी गिरफ्तारग्राम टांडा मेहतोली हत्या प्रकरण का सफल अनावरण

हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता, दो हत्यारोपी गिरफ्तारग्राम टांडा मेहतोली हत्या प्रकरण का सफल अनावरण
Spread the love

हरिद्वार। दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को ग्राम टांडा मेहतोली में बूरा फैक्ट्री के पास जोहड़ में एक अज्ञात पुरुष शव बरामद हुआ था। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जहां फील्ड यूनिट टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। अथक प्रयासों के बाद शव की शिनाख्त ग्राम टांडा मेहतोली निवासी नितिन पुत्र स्वर्गीय जातिराम के रूप में की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि नितिन 14 अक्टूबर से लापता था। दिनांक 18 अक्टूबर को मृतक के भाई नवीन पुत्र स्वर्गीय जातिराम निवासी ग्राम टांडा मेहतोली द्वारा कोतवाली लक्सर में तहरीर दी गई कि गांव के कल्लू उर्फ कंवरपाल, रवि और रजत ने 14 अक्टूबर की रात शराब पीने के बाद नशे में नितिन के साथ मारपीट की और उसे जोहड़ में फेंक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी लक्सर को शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक लक्सर के निर्देशन में गठित टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ठोस सुराग जुटाते हुए मात्र कुछ घंटों में घटना का खुलासा कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मृतक नितिन उनका दोस्त था और 14 अक्टूबर की रात तीनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे में आपसी कहासुनी के बाद झगड़ा बढ़ गया और झगड़े के दौरान वे जोहड़ के पास पहुंचे, जहां दोनों ने नितिन को धक्का दे दिया, जिससे वह जोहड़ में गिर गया और उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद दोनों अभियुक्त घर लौट आए और पुलिस को जानकारी मिलते ही फरार होने की फिराक में थे।

पंजीकृत अभियोग मु0अ0सं0-1018/25 धारा 105 बीएनएस के अंतर्गत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में कंवरपाल उर्फ सुमित उर्फ कल्लू पुत्र कुसुमपाल निवासी ग्राम टांडा मेहतोली, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष तथा रजत पुत्र रवि निवासी ग्राम टांडा मेहतोली, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार, उम्र 24 वर्ष शामिल हैं।

इस सफल अनावरण में पुलिस टीम में प्रभारी कोतवाली लक्सर श्री राजीव रौथान, व0उ0नि0 लोकपाल परमार, उ0नि0 हरीश गैरोला, अ0उ0नि0 रंजीत नौटियाल, हे0कानि0 रियाज अली तथा का0 हिमांशु चौधरी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles