कनारीछीना में प्राथमिक अस्पताल भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग, रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति ने किया डीएम और सीएमओ को ज्ञापन
अल्मोड़ा। भैसियाछाना विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कनारीछीना क्षेत्र में प्राथमिक अस्पताल भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति ने जिला अधिकारी व जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपा।
समिति के प्रतिनिधि प्रताप सिंह नेगी ने बताया कि पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान के अथक प्रयासों से शासन-प्रशासन के स्तर पर चार वर्षों बाद अस्पताल भवन के लिए धनराशि स्वीकृत हुई है। रघुनाथ चौहान ने भवन के नक्शे के लिए पीएम हरी प्रकाश जी से संपर्क कर प्रक्रिया आगे बढ़ाई। इसके उपरांत पीएम हरी प्रकाश द्वारा नक्शे की प्रतियां अल्मोड़ा के सीडीओ और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपलब्ध कराई गई हैं।
हालांकि नवरात्रि एवं दीपावली की छुट्टियों के कारण विभागीय स्तर पर निर्माण कार्य शुरू होने में विलंब हो गया है। इस पर समिति ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए ताकि क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिल सकें।

