रजत जयंती वर्ष पर भव्य कार्यक्रमों की तैयारी—जिलाधिकारी ने की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

देहरादून।उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों एवं रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संदर्भ में जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में विभागीय उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम, प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन, तथा सैन्यधाम के लोकार्पण समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम की समुचित व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया और कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि, एमडीडीए, नगर निगम, विद्युत विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित रूट और सड़कों का सौंदर्यीकरण, सफाई व्यवस्था, झूलती विद्युत लाइनों को ठीक करने एवं गिरासू पेड़ों की लॉपिंग का कार्य समय पर पूरा किया जाए। साथ ही उद्यान एवं पेयजल विभाग को कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रजत जयंती सप्ताह के अवसर पर नारी शक्ति दिवस, सुशासन दिवस, यूथ स्पोर्ट्स, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, शहीदों को नमन, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, रोजगार दिवस, स्वदेशी खाद्य एवं विकास का सफर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित कार्यक्रमों का पूरे जनपद में प्रतिदिन अलग-अलग थीम के साथ भव्य आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति दिवस पर स्वयं सहायता समूहों और एनआरएलएम समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सुशासन दिवस पर प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर वृहद बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। यूथ दिवस पर क्रॉस कंट्री दौड़, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आम जनमानस को बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देने के लिए आरबीआई की वर्कशॉप आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन पर जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त सभी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अमर शहीदों के बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने शैक्षणिक संस्थानों में “विजन-2050” विषय पर गोष्ठी, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज शर्मा, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंढियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तथा लोनिवि, नगर निगम, यूपीसीएल, सिंचाई, उद्यान आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
