मोथरावाला रोड पर महीनों से पानी लीकेज — मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

मोथरावाला रोड पर महीनों से पानी लीकेज — मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून के मोथरावाला रोड स्थित पशुधन कार्यालय के निकट महीनों से पेयजल पाइपलाइन में लीकेज की समस्या बनी हुई है। स्थानीय निवासी प्रमोद रंजन कुकरेती ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर 5 नवंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी (शिकायत संख्या CMHL-112025-2-884551), लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

शिकायतकर्ता प्रमोद रंजन कुकरेती ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि 6 नवंबर को गढ़वाल जल संस्थान की ओर से पोर्टल पर यह उल्लेख किया गया कि समस्या का समाधान कर दिया गया है और वर्तमान में पेयजल की आपूर्ति सुचारु है, जबकि वास्तविकता यह है कि शिकायत पानी की आपूर्ति से नहीं बल्कि सड़क पर लगातार बह रहे पानी से संबंधित थी। यह अत्यंत दुखद है कि विभागीय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर गलत जानकारी दी कि समस्या का समाधान हो गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार 7 नवंबर को उन्होंने असंतुष्टि दर्ज कराई और 10 नवंबर को विभाग द्वारा कहा गया कि लाइन ADB द्वारा तोड़ी गई है, जिसे ठीक कराया जाएगा। बावजूद इसके स्थिति जस की तस बनी हुई है। पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। सड़क के एक ओर मंदिर और दूसरी ओर बैंक है, जिससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं पर वाहनों से पानी उछलकर गिरता है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में पेयजल व्यर्थ जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा दी जा रही भ्रामक और गलत जानकारी पर संज्ञान लिया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करते हुए समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

देवभूमि खबर

Related articles