उत्तराखंड के किसानों को बड़ी सौगात, कृषि योजनाओं के लिए ₹106.67 करोड़ की दूसरी किश्त मंजूर

उत्तराखंड के किसानों को बड़ी सौगात, कृषि योजनाओं के लिए ₹106.67 करोड़ की दूसरी किश्त मंजूर
Spread the love

देहरादून। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में केंद्रपोषित राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं कृषि उन्नति योजना की समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। बैठक में उत्तराखंड की ओर से कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश की विभिन्न कृषि योजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट जारी करने का अनुरोध किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बैठक में बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री के ऊधमसिंहनगर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत जैविक कृषि कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड को ₹7 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने इस धनराशि को शीघ्र स्वीकृत करने का पुनः अनुरोध किया।

इसके साथ ही कृषि मंत्री ने फार्म फेंसिंग के लिए ₹25 करोड़ की धनराशि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत अलग से स्वीकृत करने का अनुरोध किया, ताकि किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि कृषि उन्नति योजना के तहत उत्तराखंड को आवंटित ₹109.02 करोड़ के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में ₹54.51 करोड़ पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है। अब दूसरी किश्त के रूप में ₹40 करोड़ स्वीकृत किए जा रहे हैं।

इसी प्रकार राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उत्तराखंड को आवंटित ₹191.55 करोड़ के सापेक्ष ₹95.77 करोड़ की पहली किश्त स्वीकृत की जा चुकी है। अब दूसरी किश्त के रूप में ₹65.70 करोड़ स्वीकृत किए जा रहे हैं। इस प्रकार दोनों योजनाओं के तहत उत्तराखंड को ₹106.67 करोड़ की दूसरी किश्त स्वीकृत की जा रही है।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत उत्तराखंड में जैविक कृषि कार्यक्रम के लिए ₹7 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने तथा फार्म फेंसिंग के लिए अलग से बजट स्वीकृत किए जाने का आश्वासन दिया।

कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखंड को केंद्रपोषित योजनाओं के तहत विशेष रूप से धनराशि आवंटित किए जाने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया।

बैठक में कृषि महानिदेशक डॉ. आनंद श्रीवास्तव, निदेशक कृषि दिनेश सिंह, डॉ. रतन कुमार, डॉ. सुरेश राम एवं महेंद्र पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles