खटीमा शहादत दिवस पर शहीदों को नमन, आंदोलनकारियों ने लिया उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प

खटीमा शहादत दिवस पर शहीदों को नमन, आंदोलनकारियों ने लिया उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प
Spread the love

देहरादून। खटीमा शहादत दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच की ओर से शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को बनाने और संवारने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष रहे वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा की स्मृति में रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से दून चिकित्सालय की टीम द्वारा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, समाज कल्याण मंत्री खजान दास और राज्य मंत्री अशोक वर्मा ने रिबन काटकर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने भी शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और इसके बाद रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। कैबिनेट मंत्री एवं रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से रक्तदाताओं, जनकवि अतुल शर्मा तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शाल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, समाज कल्याण मंत्री खजान दास और राज्य मंत्री अशोक वर्मा ने कहा कि शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्थायी राजधानी, रोजगार नीति, पर्वतीय क्षेत्रों में उच्च शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं जैसे विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जाना आवश्यक है।
आंदोलनकारी मंच के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती, सलाहकार केशव उनियाल और पूर्व राज्य मंत्री रविन्द्र जुगरान ने कहा कि राज्य आंदोलन के शहीदों के साथ अभी तक अपेक्षित न्याय नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती रहीं, लेकिन शहीदों के सपनों और उनके सम्मान के लिए अपेक्षित इच्छाशक्ति दिखाई नहीं दी। नई पीढ़ी को राज्य आंदोलन का इतिहास पढ़ाने तथा शहीदों के नाम पर सड़क, भवन और अन्य संस्थानों के नामकरण की दिशा में भी ठोस पहल की जरूरत है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व विधायक स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा के पुत्र अजय वर्मा, डॉ. अतुल शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles