दून पुलिस ने 10 घंटे में किया चोरी का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार—ढाई लाख की ज्वैलरी की बरामद

दून पुलिस ने 10 घंटे में किया चोरी का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार—ढाई लाख की ज्वैलरी की बरामद
Spread the love

देहरादून। थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का मात्र 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी, घड़ियां और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक पर चोरी, आर्म्स एक्ट तथा अन्य आपराधिक मामलों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

दिनांक 13 नवंबर 2025 को वादी उस्मान पुत्र युसूफ निवासी कैलाशपुर पिठुवाला, पटेलनगर द्वारा थाना क्लेमेंटाउन में तहरीर दी गई थी कि उनके रिश्तेदार, जो परिवार सहित सऊदी अरब गए हैं, के बंद घर से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। वादी की तहरीर पर थाना क्लेमेंटाउन में तत्काल मु0अ0सं0 84/25 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने थानाध्यक्ष क्लेमेंटाउन को तत्काल टीम गठित कर मामले के अनावरण के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अभियुक्तों की पहचान की कोशिश की। साथ ही सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

पुलिस के प्रयासों के दौरान मिली गोपनीय सूचना पर पुलिस टीम ने झील तिराहे से भारुवाला जाने वाली सड़क पर दो अभियुक्त—अनीश पुत्र स्व. अनवर, निवासी आजाद कॉलोनी, पटेलनगर और रोहित क्षेत्री पुत्र स्व. भाग बहादुर क्षेत्री, निवासी डाकरा, कैंट—को चोरी की गई ज्वैलरी और घड़ी के साथ गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की निशानदेही पर नई बस्ती, क्लेमेंटाउन के जंगलों से चोरी किया गया अन्य सामान भी बरामद किया गया। कुल मिलाकर करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सामान पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाएं अंजाम देते थे। वे दिन में बंद घरों की रेकी कर रात के समय मौका पाने पर वारदात को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार अभियुक्त रोहित क्षेत्री के विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर अपराधों के 13 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अभियुक्त अनीश के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम में उ.नि. विकास शुक्ला, चौकी प्रभारी आशारोड़ी, कान्स. सागर राई, कान्स. असजद, कान्स. कैलाश पंवार, कान्स. राजीव कुमार और कान्स. रणवीर शाह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles