बुजुर्ग व्यक्ति के साथ हुई स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा ,घटना को अंजाम देने वाले दो अभियुक्त गिरफ्तार, बरामद हुई नगदी व अन्य सामग्री
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ हुई स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने तेज़ी से खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की सख्त मॉनिटरिंग और पुलिस टीम की सूझबूझ से न केवल अभियुक्त पकड़े गए, बल्कि छीनी गई नकदी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया।
दिनांक 05/11/2025 को ग्राम उभरेऊ, थाना कालसी निवासी श्री भगत सिंह ने थाना विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई कि 04/11/2025 को अदरक बेचकर वापस लौटते समय विकासनगर पेट्रोल पंप वाली गली में दो युवकों ने उनकी जेब में रखी नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना विकासनगर में धारा 304(2) BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली विकासनगर में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही संदिग्धों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे लोगों का सत्यापन किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद 14/11/2025 को पुलिस टीम को सफलता मिली और मुखबिर की सूचना पर दोनों अभियुक्त—सोहेल पुत्र सईद उर्फ लाखन तथा आवेश पुत्र सईद उर्फ लाखन—को बकरी फार्म, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से घटना में छीने गए ₹2200, वादी का आधार कार्ड और पर्स भी बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे सगे भाई हैं और नशे के आदी होने के कारण नशे की पूर्ति के लिए महिलाओं, बुजुर्गों और भोले-भाले लोगों की रेकी कर स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी में अ.उ.नि. नौशाद अंसारी, कांस्टेबल सुरेंद्र तोमर और कांस्टेबल रितिक कंडारी शामिल रहे।
