ड्रग फ्री कैंपस अभियान के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, औचक निरीक्षण में 200 छात्रों का किया गया ड्रग टेस्ट – सभी रिपोर्ट नेगेटिव

ड्रग फ्री कैंपस अभियान के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, औचक निरीक्षण में 200 छात्रों का किया गया ड्रग टेस्ट – सभी रिपोर्ट नेगेटिव
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” विजन को साकार करने की दिशा में दून पुलिस ने शिक्षण संस्थानों में नशा मुक्त वातावरण स्थापित करने हेतु “ड्रग फ्री कैंपस” अभियान को और तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर पुलिस-प्रशासन और चिकित्सकों की संयुक्त टीमों ने प्रेमनगर और क्लेमेंटाउन क्षेत्र स्थित विभिन्न निजी शिक्षण संस्थानों में बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में से 200 छात्रों का ड्रग्स किट के माध्यम से रैंडम यूरिन टेस्ट किया गया, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। पुलिस के अनुसार अब तक 427 छात्र-छात्राओं का ड्रग परीक्षण कराया जा चुका है, और आवश्यकता अनुसार आगे भी टेस्ट जारी रहेंगे। मौके पर सभी छात्रों से पुनः कन्सेंट फॉर्म एवं शपथ पत्र भरवाए गए, ताकि भविष्य में परीक्षण की कानूनी प्रक्रिया और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रह सके।

पुलिस ने परिसर में मौजूद छात्रों को नशे से दूर रहने और नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दून पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी जारी की कि यदि कोई छात्र नशे का सेवन करते हुए पाया गया तो उसके साथ-साथ संबंधित शिक्षण संस्थान पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान निजी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत स्थानीय व अन्य राज्यों से आए छात्रों ने दून पुलिस की इस पहल की प्रशंसा की। कई छात्रों ने कार्रवाई की जानकारी अपने अभिभावकों को भी दी, जिनकी ओर से भी पुलिस के प्रयासों की सराहना की गई। पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत अन्य शिक्षण संस्थानों में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

देवभूमि खबर

Related articles